छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव में पुराने पारिवारिक विवाद के चलते एक खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। यहां आपसी रंजिश के बीच बीच-बचाव और सुरक्षा के लिए पहुंचे एक युवक पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के अनुसार, सिमरिया गांव निवासी अच्छे लाल अहिरवार का अपने सगे भतीजे लालू अहिरवार से पुराना विवाद चल रहा था। आरोप है कि लालू आए दिन अपने चाचा के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। इस बात से तंग आकर अच्छे लाल ने उत्तर प्रदेश के कबरई में रहने वाले अपने दामाद को पूरी स्थिति से अवगत कराया था।

सुरक्षा के लिए भेजा था दोस्त, उसी पर हुआ हमला

परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दामाद ने अपने दोस्त संजय अनुरागी (संजय रजक) को करीब दो महीने पहले सिमरिया गांव में अपने ससुर की सुरक्षा के लिए भेज दिया था। संजय वहां रहकर उनकी देखरेख कर रहा था, लेकिन इसी बात से रंजिश मानते हुए बीते रोज दोपहर के वक्त लालू अहिरवार ने संजय पर लाठी-डंडों से अचानक हमला कर दिया।

हमला इतना भयानक था कि संजय गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया और इस मारपीट में उसके हाथ व पैर कई जगहों से टूट गए।

112 वाहन से पहुंचाया गया अस्पताल, हालत गंभीर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और 112 वाहन की मदद से घायल संजय को तुरंत चंदला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल और फिर वहां से आगे के इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।