मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता भीमसेन पहाड़िया समेत तीन लोगों के खिलाफ एक युवती ने दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। इस मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना स्टेशन रोड में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप


पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी धर्मवीर रामपुरे ने उसे शादी का भरोसा दिया और इसी झांसे में लेकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का यह भी कहना है कि आरोपी उसे अपने घर ले गया था और करीब 1 साल तक उसे अपने घर में ही रखा। जब पीड़िता ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, तो उसने और उसके परिजनों ने पल्ला झाड़ लिया।

मां और बसपा नेता पर भी नामजद केस दर्ज

इस पूरे मामले में मुख्य आरोपी धर्मवीर रामपुरे के साथ-साथ उसकी मां बबीता रामपुरे और बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भीमसेन पहाड़िया को भी नामजद किया गया है। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपियों से शादी की बात की, तो उसे घर से बाहर निकाल दिया गया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

पुलिस जांच में जुटी, तीनों आरोपी फरार

थाना स्टेशन रोड पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुख्य आरोपी धर्मवीर रामपुरे, उसकी मां बबीता रामपुरे और बसपा नेता भीमसेन पहाड़िया के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही बसपा जिला अध्यक्ष सहित सभी तीनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।