नई दिल्ली। आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 में बुधवार को यूएई ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पापुआ न्यू गिनी को 70 रनों से हराया। वहीं, स्कॉटलैंड ने आयरलैंड के खिलाफ 8 विकेट से जीत दर्ज की। यूएई बनाम पापुआ न्यू गिनी: यूएई ने टूर्नामेंट के 17वें मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 134 रन बनाए। टीम की ओर से शानदार फॉर्म में चल रहीं कप्तान ईशा ओजा ने 64 गेंदों में 77 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया। हालांकि, यूएई की बाकी बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं।

135 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पापुआ न्यू गिनी की पूरी टीम 18.1 ओवर में सिर्फ 64 रन बनाकर सिमट गई। टीम की तरफ से पाउके सियाका ने सर्वाधिक 15 रन बनाए। टीम की 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक पार नहीं कर सकीं। यूएई के लिए गेंदबाजी में सुरक्षा कोट्टे ने 3.1 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। समायरा धरनीधरका और ईशा ओजा ने एक-एक विकेट चटकाया। यूएई की यह टूर्नामेंट में पहली जीत है, जबकि पापुआ न्यू गिनी को लगातार चौथे मैच में हार झेलनी पड़ी है।

स्कॉटलैंड बनाम आयरलैंड: टूर्नामेंट के 18वें मुकाबले में आयरलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 71 रन बनाकर सिमट गई। टीम की तरफ से कप्तान गैबी लुईस ने सबसे ज्यादा 20 रन बनाए। स्कॉटलैंड की ओर से गेंदबाजी में किर्स्टी गॉर्डन ने 4 ओवर के स्पेल में महज 4 रन खर्च करते हुए 4 विकेट झटके।

वहीं, अबताहा मकसूद ने 15 रन देकर 3 विकेट निकाले। स्कॉटलैंड ने 72 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 8.3 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। स्कॉटलैंड की तरफ से डार्सी कार्टर ने 31 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 30 रन बनाए। वहीं, कैथरीन फ्रेजर ने 13 गेंदों में 21 रनों का योगदान दिया। स्कॉटलैंड की यह तीसरे मैच में दूसरी जीत है, जबकि आयरलैंड को पहली हार का सामना करना पड़ा है।