प्रतापगढ़, रोहित पाठक। कुंडा में आयोजित भव्य श्रीराम कथा के दूसरे दिन की शुरुआत से पूर्व आस्था, सम्मान और सामाजिक समरसता का एक भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। बागेश्वर धाम सरकार और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया' ने पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी परिवारों के साथ बैठकर सामूहिक हनुमान चालीसा हवन किया। इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में विधायक उमेश शर्मा, दीप सिंह राणा तथा राजा भैया के विदेश से आए अतिथि भी शामिल हुए।

आयोजन में सभी पाकिस्तानी हिंदू परिवारों को विशेष रूप से आमंत्रित कर ससम्मान स्थान दिया गया। हवन से पूर्व सभी शरणार्थी परिवारों का तिलक लगाकर और हाथों में रक्षासूत्र (कलावा) बांधकर पारंपरिक स्वागत किया गया। इसके पश्चात सभी परिवारों को अलग-अलग यज्ञ कुंडों के समक्ष बैठाया गया, जहां स्वस्तिवाचन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजन संपन्न हुआ। पूजन के उपरांत बागेश्वर सरकार और राजा भैया की गरिमामयी उपस्थिति में सभी ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा की चौपाइयों का पाठ करते हुए यज्ञ कुंड में आहुतियां अर्पित कीं।

पाकिस्तान से आए हिंदू परिवारों के लिए यह पहला अवसर था जब वे इतने बड़े स्तर पर किसी सामूहिक धार्मिक अनुष्ठान का हिस्सा बने। आयोजन में मिले विशेष सम्मान और प्राथमिकता से अभिभूत इन परिवारों ने आयोजक राजा भैया का हृदय से आभार जताया और बागेश्वर सरकार से आशीर्वाद प्राप्त कर अपनी आस्था प्रकट की।