गुनौर, जीतेन्द्र रजक। गुनौर विद्युत वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले लुहरगांव फीडर से जुड़े एक कर्मचारी का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में कर्मचारी हाथ में शराब का जाम लिए दिखाई दे रहा है तथा फोन पर बातचीत के दौरान कथित रूप से यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि "चाहे डीई आ जाएं, सुंगरहा गांव की लाइट चालू नहीं होगी।"
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित कर्मचारी की कार्यशैली के कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है और लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि कोई जिम्मेदार कर्मचारी खुलेआम इस प्रकार का व्यवहार करता है और अधिकारियों को चुनौती देता है, तो यह विभागीय अनुशासन पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है।
ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार के बेहतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावों का हवाला देते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर कुछ कर्मचारियों की कथित मनमानी से शासन की मंशा प्रभावित हो रही है। सुंगरहा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वायरल वीडियो के बाद क्षेत्रवासियों की निगाहें गुनौर जेई सुनील वर्मा एवं विभागीय अधिकारियों पर टिकी हुई हैं। लोगों का कहना है कि यदि वीडियो और आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं पूरे मामले में गुनौर जेई सुनील वर्मा ने जांच उपरांत आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है। फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच का विषय है।




