भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने गुरुवार को राजधानी स्थित शासकीय डॉ. अंबेडकर अनुसूचित जाति महाविद्यालय छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास की बदहाली को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला, वहीं प्रदेश में सरकारी नौकरी से 'दो बच्चों' की बाध्यता खत्म करने के कैबिनेट फैसले, सिवनी पुलिस प्रकरण, प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जमकर घेरा।

'दो बच्चों' की शर्त खत्म करने पर तंज—'सिर्फ चुनाव को देखकर लिया फैसला'

मोदी-मोहन सरकार द्वारा सरकारी नौकरियों में 'दो से अधिक संतान' की अयोग्यता समाप्त करने के निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इसे महज चुनावी स्टंट करार दिया। उन्होंने कहा कि इस नियम को इसी सरकार ने पहले लागू किया था और अब चुनाव नजदीक आते देख इसे हटाया जा रहा है। सिंघार ने तंज कसते हुए कहा, "केवल बच्चे पैदा करने की छूट देने से किसी परिवार का भविष्य नहीं बन सकता। सरकार ने यह छूट तो दे दी, लेकिन जनता को महंगाई, बेरोजगारी और बुनियादी समस्याओं से निजात कब मिलेगी?"


सिवनी कांड पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, साझा किया अपना पुराना अनुभव

सिवनी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उमंग सिंघार ने पुलिस अधिकारियों पर पद के दुरुपयोग और आम नागरिकों को बेवजह प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने अपने कॉलेज के दिनों का एक वाकया साझा करते हुए कहा कि एक बार बेटमा क्षेत्र में एसडीओपी (SDOP) की गाड़ी को ओवरटेक करने मात्र पर पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया था। सिंघार ने आरोप लगाया, "पुलिस मुझे थाने ले गई और मुझ पर गांजा व ड्रग्स का फर्जी मामला बनाने की बात कही थी। उस समय पुलिस अधिकारी मुझे पहचानते थे, इसलिए मेरे खिलाफ कुछ नहीं कर पाए, लेकिन सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि जब पुलिस किसी आम आदमी को बेवजह परेशान करती है, तो उसके साथ क्या होता होगा।"

'सीएम हाउस से 200 मीटर दूर है हॉस्टल, 59 साल से चादर तक नहीं बदली'

डॉ. अंबेडकर छात्रावास की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रावास प्रदेश की शिक्षा की विरासत हैं, जहां से पढ़कर कई मंत्री और विधायक निकले हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएम हाउस इस छात्रावास से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। मुख्यमंत्री ने अपना बंगला तो बड़ा कर लिया, लेकिन इस छात्रावास की पिछले 59 वर्षों से चादर तक नहीं बदली गई है और छात्रों के लिए किताबों तक का बजट नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राजधानी में सीएम हाउस के बगल वाले छात्रावास का यह हाल है, तो प्रदेश के दूरदराज इलाकों में दलितों और आदिवासियों के अन्य हॉस्टल्स की स्थिति कितनी बदतर होगी। सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस केवल वोट लेने के लिए इस वर्ग का इस्तेमाल करते हैं, इनके उत्थान के लिए कुछ नहीं करते।

राहुल गांधी के बयान का किया समर्थन, 'मध्य प्रदेश को उड़ता पंजाब बनाने' का लगाया आरोप

नेता प्रतिपक्ष ने राहुल गांधी के विदेश दौरे के दौरान दिए गए बयानों का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि राहुल गांधी कुछ भी गलत नहीं कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि खुद आरबीआई (RBI) कह रहा है कि देश आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा है। राफेल और बुलेट ट्रेन जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के ठेके विदेशी कंपनियों को दिए जा रहे हैं, जिससे भारत का पैसा बाहर जा रहा है और आज देश को शक्कर तक बाहर से आयात करनी पड़ रही है। उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति को पूरी तरह विफल बताया।

इसके साथ ही सिंघार ने प्रदेश में बढ़ते अवैध शराब और ड्रग्स के कारोबार पर चिंता जताते हुए कहा कि पुलिस को सब पता होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है और मध्य प्रदेश को 'उड़ता पंजाब' बनाने की कोशिश की जा रही है। महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण के पूर्ण पक्ष में है और इसे परिसीमन की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल लागू किया जाना चाहिए।