छतरपुर। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में शुमार मऊ दरवाजा इलाके में नगर पालिका के माध्यम से कराया गया नाली निर्माण कार्य अब स्थानीय व्यापारियों के लिए जी का जंजाल बन गया है। नाली निर्माण के दौरान निकला भारी मलबा और कचरा संबंधित ठेकेदार द्वारा सड़क और दुकानों के ठीक सामने ही छोड़ दिया गया है। पिछले दो-तीन दिनों से बाजार में लगे कचरे के ढेर को हटाने की सुध न तो ठेकेदार ले रहा है और न ही नगर पालिका का सफाई अमला। नतीजतन, कई व्यापारी पिछले दो दिनों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

दुकानों के सामने लगा मलबे का अंबार, ग्राहकों की आवाजाही हुई पूरी तरह ठप

स्थानीय व्यापारियों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि नाली निर्माण के बाद निकली गंदगी और मलबे को दुकानों के ठीक सामने फैलाकर छोड़ दिया गया है। रास्ता अवरुद्ध होने और चारों ओर फैली गंदगी के कारण ग्राहकों का दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है, वहीं दुकानों के शटर खोलना तक दूभर हो रहा है। कारोबार पूरी तरह प्रभावित होने के कारण कई दुकानदारों ने पिछले दो दिनों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे हैं। व्यापारियों का कहना है कि एक तरफ वे कर चुका रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विभागीय लापरवाही का खामियाजा उन्हें अपनी रोज़ी-रोटी और व्यापार के नुकसान के रूप में भुगतना पड़ रहा है।


ठेकेदार दे रहा कोरे आश्वासन, बाजार प्रभारी का मोबाइल मिल रहा बंद

व्यापारियों के अनुसार, जब निर्माण कराने वाले ठेकेदार से मलबा और कचरा उठाने को कहा जाता है, तो वह हर बार 'कल उठवा देंगे' का कोरा आश्वासन देकर टाल देता है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। दूसरी ओर, नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों से संपर्क करने पर वे इसे ठेकेदार का काम बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं। ठेकेदार और सफाई अमले के बीच जिम्मेदारी टालने के इस खेल में व्यापारी पिस रहे हैं। इसके अलावा, व्यापारियों ने नगर पालिका के बाजार प्रभारी अश्वनी की कार्यप्रणाली पर भी गहरी नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि समस्या से अवगत कराने के लिए सुबह संपर्क करने पर बाजार प्रभारी का मोबाइल फोन बंद मिलता है और नगर पालिका के वरिष्ठ अधिकारी भी इस गंभीर समस्या से पूरी तरह बेखबर बने हुए हैं।

तत्काल मलबा हटाने और लापरवाह ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग

मऊ दरवाजा क्षेत्र के व्यापारियों ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि क्या निर्माण कार्य की आड़ में बाजार में कचरा छोड़कर व्यापारियों को नुकसान पहुंचाना ही विकास है? व्यापारियों ने एक स्वर में मांग की है कि नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी तत्काल मौके पर हस्तक्षेप कर कचरे और मलबे का उठाव कराएं तथा नियमों की अनदेखी करने वाले ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। व्यापारियों का स्पष्ट कहना है कि उन्हें अब झूठे आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल सफाई और राहत चाहिए।