छतरपुर। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन करने पर अपर कलेक्टर एवं न्याय निर्णयन अधिकारी विनय द्विवेदी ने दो व्यापारियों पर 2 लाख 25 हजार रुपए-2 लाख 25 हजार रुपए का अर्थदंड अधिरोपित किया है। दोनों प्रकरणों में खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए थे, जहां जांच में नमूने तंबाकूयुक्त पाए गए। प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों का विक्रय किए जाने पर न्याय निर्णयन अधिकारी ने अर्थदंड के साथ तंबाकूयुक्त खाद्य पदार्थों के विनिष्टीकरण के आदेश भी पारित किए हैं।
न्याय निर्णयन अधिकारी के प्रकरण क्रमांक 0131/बी 121/24-25 में 17 नवंबर 2026 को पारित आदेश के अनुसार, नौगांव निवासी सौरभ रावत, प्रोप्राइटर समृद्धि ट्रेडर्स, मेन मार्केट नौगांव से केजी सुगंधित सुपारी के 8 कंपनी पैक्ड पैकेट तथा किंग स्वादिष्ट सुपारी के 8 कंपनी पैक्ड पैकेट के नमूने लिए गए थे। जांच में नमूने तंबाकूयुक्त पाए गए। प्रतिबंधित तंबाकूयुक्त खाद्य पदार्थों का विक्रय एवं विक्रय हेतु संग्रहण किए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सौरभ रावत पर 2 लाख 25 हजार रुपए का अर्थदंड अधिरोपित किया गया तथा संबंधित खाद्य पदार्थों के विनिष्टीकरण के आदेश दिए गए।
ये भी पढ़ें




इसी प्रकार, न्याय निर्णयन अधिकारी के प्रकरण क्रमांक 0208/बी 121/25-26 में 17 नवंबर 2026 को पारित आदेश के अनुसार, नौगांव में गुटखा फैक्टरी संचालित करने वाले उमेश कुशवाहा के यहां से भोला स्वादिष्ट सुपारी के 8 पैकेट तथा अन्य तंबाकू मिश्रित गुटखा (लूज) का नमूना लिया गया था। राज्य खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भोपाल की जांच में नमूने तंबाकूयुक्त पाए गए। प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों का विक्रय एवं विक्रय हेतु संग्रहण किए जाने पर उमेश कुशवाहा पर 2 लाख 25 हजार रुपए का अर्थदंड अधिरोपित किया गया तथा तंबाकूयुक्त खाद्य पदार्थों के विनिष्टीकरण का आदेश पारित किया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के विक्रय और संग्रहण पर कार्रवाई की गई है।









