छतरपुर, विनोद मिश्रा। न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत शहर में सड़क सुरक्षा और कानूनी जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं ने हेलमेट पहनकर सहभागिता की और आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
रैली जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर छत्रसाल चौक, चौक बाजार और बस स्टैंड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गुजरी। पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर शहरवासियों द्वारा पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
ये भी पढ़ें




विधिक सेवा सप्ताह के दौरान बचपन बचाओ अभियान और सड़क सुरक्षा अभियान के साथ-साथ गांव-गांव पहुंचकर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके माध्यम से बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही जरूरतमंदों को निःशुल्क विधिक सहायता के प्रावधानों से अवगत कराया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रवेंद्र सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह, समस्त न्यायाधीशगण, जिला अधिवक्ता संघ के अधिवक्ता, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। न्यायपालिका के इस आयोजन के जरिए समाज में कानून के प्रति जागरूकता, सड़क सुरक्षा और बाल संरक्षण को लेकर सकारात्मक संदेश दिया गया।












