छतरपुर, विनोद मिश्रा। गौ रक्षा और संवर्धन की मांग को लेकर संतों के आह्वान पर पूरे प्रदेश में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम के जरिए गोवंश की हत्या रोकने, गौ तस्करी पर पूर्ण अंकुश लगाने और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को चिन्हित कर उन पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की जा रही है।
गौ रक्षक संजू पाठक ने बताया कि मलूक पीठाधीश्वर सहित देशभर के संतों के आह्वान पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में आमजन से हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं, ताकि गौ संरक्षण के लिए समाज की आवाज बुलंद की जा सके। उन्होंने चिंता जताते हुए दावा किया कि देश में प्रतिदिन लगभग 85 हजार गोवंश काटे जा रहे हैं, जिसे रोकने के लिए सरकार द्वारा ठोस कदम उठाना बेहद जरूरी है।
ये भी पढ़ें




इस अभियान के अगले चरण में आगामी 4 दिसंबर को भोपाल में गौ रक्षा को लेकर एक विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से गौ रक्षक संतों के सान्निध्य में भोपाल पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन सौंपकर गौ संरक्षण के लिए प्रभावी कानून बनाने व कठोर कार्रवाई करने की मांग रखेंगे। गौ रक्षकों ने आम नागरिकों से इस मुहिम से जुड़ने और हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने की अपील की है।














