भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी की निशातपुरा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1075 पेटी अंग्रेजी शराब से भरे एक आयशर ट्रक को जब्त किया है। बरामद की गई करीब 9700 लीटर शराब की अनुमानित कीमत 96 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने 20 लाख रुपए कीमत के ट्रक को भी राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में कुल 1 करोड़ 16 लाख रुपए का मशरूका जब्त कर मंडीदीप निवासी 38 वर्षीय ट्रक चालक रामकिशन बमोरिया को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, अवैध शराब से भरा यह ट्रक गांधी नगर से करोंद की ओर बेहद तेज रफ्तार में जा रहा था। संदेह के आधार पर जब पुलिस टीम ने इसे रोकने का इशारा किया, तो चालक ने रफ्तार और बढ़ा दी। भागने के चक्कर में चालक ने आधार अस्पताल के पास एक कार को भी टक्कर मार दी। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीपुल्स मॉल के पास घेराबंदी की और ट्रक को रोककर चालक को दबोच लिया।


तलाशी लेने पर ट्रक के अंदर से 'ब्लैक फोर्ट' प्रीमियम रम की 1075 पेटियां बरामद हुईं। इन पेटियों पर 'सोम डिस्टिलरीज एंड ब्रेवरीज लिमिटेड, रायसेन' का नाम दर्ज है। पूछताछ के दौरान चालक शराब के परिवहन या खरीदी-बिक्री से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस अवैध शराब के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य आरोपियों का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ कर रही है।