अशोकनगर। मध्य प्रदेश की राजनीति में एक नए चेहरे की एंट्री की सुगबुगाहट तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता राय (Amrita Rai) ने सक्रिय राजनीति में कदम रखने के साफ संकेत दे दिए हैं। अशोकनगर जिले में आयोजित एक जनसभा के दौरान अमृता राय पूरी तरह से सियासी रंग में नजर आईं। उन्होंने न सिर्फ अपना पहला राजनीतिक भाषण दिया, बल्कि महिलाओं की समस्याओं को उठाते हुए राज्य और केंद्र की सत्ताधारी भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार भी किए।
'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' में दिखा सियासी अंदाज
दरअसल, दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' निकाली जा रही है। यात्रा के 23वें दिन अशोकनगर जिले में एक जनसभा का आयोजन किया गया था। इसी मंच से अमृता राय ने जनता को संबोधित करते हुए अपने अधिकारों और स्वाभिमान के प्रति जागने का आह्वान किया। उन्होंने ऐलान किया कि, "दिग्विजय सिंह के साथ मैं भी जनता के सुख-दुख में हमेशा तत्पर रहूंगी।"
'फूल' को वोट देने का क्या हश्र हुआ?
अमृता राय ने अपने भाषण में सीधे तौर पर महिलाओं से संवाद किया और भाजपा (कमल के फूल) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "मुझे रास्ते में महिलाएं मिल रही हैं, जो बताती हैं कि 20 साल से 'फूल' पर वोट डाल रहे हैं, लेकिन आज क्या हश्र हुआ? इसका कारण है कि आप अपने अधिकारों का सही से पालन नहीं कर रहे हैं।" उन्होंने जनता से प्रलोभन छोड़ने की अपील करते हुए कहा, "उन समस्याओं को 5-5 साल करके आज 20-25 साल हो गए। न पानी आया, न बिजली मिली, न पेंशन मिली और न ही मुआवजा। जनता ने महंगाई, शिक्षा, बिजली और खाद न मिलने जैसी अनगिनत समस्याएं बताई हैं। मैं सोचती हूं कि ऐसा क्या करूं कि ये समस्याएं दूर हो जाएं।"
राम मंदिर और 80 करोड़ को मुफ्त अनाज पर तंज
केंद्र और राज्य सरकार को भ्रष्टाचार व गरीबी के मुद्दे पर घेरते हुए अमृता ने तीखे तेवर अपनाए। उन्होंने कहा, "चाहे भगवान राम के घर चोरी हो रही हो या आपके अधिकारों की चोरी, इसके खिलाफ आपको जागना होगा। जब ये लोग राम को नहीं छोड़ रहे, तो वो आपको क्या छोड़ेंगे?" मुफ्त राशन योजना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आगे कहा, "सरकार कहती है कि 80 करोड़ जनता को मुफ्त अनाज दे रही है, तो फिर जनता भूखी क्यों है? देश में इतनी गरीबी क्यों है? आज जनता को जागना होगा।"
क्या प्रदेश की राजनीति में सक्रिय होने की है तैयारी?
भाषण के अंत में अमृता राय ने भविष्य की राजनीति का खाका खींचते हुए स्पष्ट किया कि बाबा महाकाल और भगवान राम की प्रेरणा से ही दिग्विजय सिंह यह यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने जनता से वादा किया, "मुझे महिलाओं की बताई हर समस्या याद रहेगी और मैं पूरे मंच व दिग्विजय जी को भी आपकी समस्याएं याद दिलाती रहूंगी।" अमृता राय के इस मुखर और बेबाक भाषण ने प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मंच से सीधे तौर पर जनता से जुड़ना और उनके हकों की बात करना इस बात का साफ इशारा है कि वह अब मध्य प्रदेश की सक्रिय राजनीति में अहम भूमिका निभाने की पूरी तैयारी कर चुकी हैं।
















