भोपाल, जीतेन्द्र यादव। स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में पार्टी के हालिया कार्यक्रमों की समीक्षा करने के साथ-साथ आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई, जिसमें 1 अप्रैल से शुरू होने वाले विशेष अभियान पर मुख्य जोर दिया गया।
भोपाल कार्यालय में आयोजित हुईं उच्च स्तरीय बैठकें
प्रदेश कार्यालय में हुई इन बैठकों का सिलसिला दो चरणों में चला। पहले चरण में प्रदेश पदाधिकारियों और संभाग प्रभारियों के साथ गहन चर्चा की गई, जबकि दूसरे चरण में जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और संभाग प्रभारियों की संयुक्त बैठक हुई। इन बैठकों में मुख्य रूप से सेवा अभियान, पदयात्रा और अन्य हालिया संगठनात्मक कार्यक्रमों की अब तक की प्रगति की समीक्षा की गई।
1 से 25 अप्रैल तक चलेगा 'सेवा दूत अभियान'
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी आगामी 1 अप्रैल से 25 अप्रैल तक प्रदेशभर में एक विशेष 'सेवा दूत अभियान' संचालित करेगी। इस अभियान के तहत पार्टी का एक पूर्णकालिक कार्यकर्ता संबंधित विधानसभा क्षेत्र में पूरे 25 दिनों तक प्रवास करेगा। इस दौरान यह कार्यकर्ता बूथ स्तर पर संगठन की मौजूदा स्थिति की बारीकी से समीक्षा करेगा और जमीनी स्तर पर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए काम करेगा।
















