सतना, सजल कुमार रजक। जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के समोगर गांव में जमीन के पुराने विवाद को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। खेत में धान काट रहे कुशवाहा परिवार पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलते साफ दिखाई दे रहे हैं।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, कुशवाहा परिवार के लोग अपने खेत में धान की कटाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान अग्निहोत्री परिवार के लोग अचानक मौके पर पहुंचे और उन्हें धान काटने से रोकने लगे। बात इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया गया।

इस हमले में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में रामरति कुशवाहा और रामप्रसाद कुशवाहा की हालत ज्यादा नाजुक होने के कारण उन्हें तुरंत सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

पीड़ित परिवार ने ललित अग्निहोत्री समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट का गंभीर आरोप लगाते हुए रामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस वायरल वीडियो और पीड़ित पक्ष की शिकायत को आधार बनाकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।