छतरपुर, संदीप यादव। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत टौरिया मोहल्ला (वार्ड क्रमांक-16) में बुधवार को एक 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी धर्मदास साहू के रूप में हुई है। बुजुर्ग बुधवार सुबह रोजाना की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। शाम को मोहल्ले के ही एक कुएं की पट्टी (मुंडेर) पर उनके कपड़े रखे मिलने के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दिनभर तलाशते रहे परिजन, कुएं में कैमरा डालकर की गई शव की पुष्टि
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 70 वर्षीय धर्मदास साहू बुधवार सुबह करीब 7 बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वे घर नहीं पहुंचे, तो चिंतित परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और परिचितों के यहां दिनभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। शाम के समय मोहल्ले के एक कुएं की पट्टी पर रखे कपड़ों पर नजर पड़ी, जिनकी पहचान परिजनों ने धर्मदास साहू के कपड़ों के रूप में की।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थिति का जायजा लेने के लिए पुलिस ने कुएं के भीतर कैमरा डालकर पड़ताल की, जिससे अंदर बुजुर्ग का शव होने की पुष्टि हुई। हालांकि, तब तक रात हो जाने और कुएं के भीतर घना अंधेरा होने के कारण बुधवार को रेस्क्यू कर शव बाहर नहीं निकाला जा सका। पुलिस प्रशासन द्वारा गुरुवार सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को कुएं से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई है।
ये भी पढ़ें




बीमारी से अवसाद या किसी के द्वारा धक्का देने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
मृतक के पुत्र मनीष साहू ने बताया कि उनके पिता पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका नियमित उपचार भी जारी था। परिजनों ने आशंका व्यक्त की है कि संभवतः लंबी बीमारी से परेशान होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि, परिवार ने इस बात से भी इनकार नहीं किया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उन्हें कुएं में धक्का दिया गया हो।
इस दुखद घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे टौरिया मोहल्ले में शोक की लहर व्याप्त है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि शव को बाहर निकालने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज करने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।









