खजुराहो, सुबोध त्रिपाठी। विश्व पर्यटन नगरी खजुराहो में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पश्चिमी मंदिर समूह स्थित कंदारिया महादेव मंदिर प्रांगण योगमय हो गया। "स्वस्थ आयु" थीम पर आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया, छतरपुर विधायक ललिता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, नगर परिषद अध्यक्ष अरुण अवस्थी, नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं कलेक्टर पार्थ जैसवाल, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता से प्रसारित संबोधन का लाइव प्रसारण भी उपस्थित लोगों को दिखाया गया। इसके बाद योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नियमित योग करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नियमित योगाभ्यास का उल्लेख करते हुए कहा कि योग अनेक बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है तथा स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करना आवश्यक है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर देश की प्रथम महिला पखावज वादक चित्रांगना आगल रेशवाल द्वारा समूह पखावज वादन की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया और उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। योग, संस्कृति और स्वास्थ्य के अनूठे संगम ने खजुराहो में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह को यादगार बना दिया।




