छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिला न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में कार्यरत इम्तियाज सिद्दीकी और एक जूनियर महिला अधिवक्ता के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद एक बार फिर पुलिस थाने तक पहुंच गया है। जूनियर महिला अधिवक्ता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने देर रात वरिष्ठ अधिवक्ता इम्तियाज सिद्दीकी के खिलाफ दुष्कर्म सहित एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले के सामने आने के बाद अधिवक्ता जगत से लेकर शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।


जानकारी के अनुसार, जूनियर महिला अधिवक्ता सिविल लाइन थाना क्षेत्र की शांति नगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहती हैं। महिला अधिवक्ता का आरोप है कि वरिष्ठ अधिवक्ता इम्तियाज सिद्दीकी ने उन्हें शादी का भरोसा देकर उनके साथ संबंध बनाए। महिला का यह भी दावा है कि दोनों के बीच विवाह और साथ रहने को लेकर स्टांप पर लिखित दस्तावेज तैयार किए गए थे।


स्टांप पर लिव-इन और विवाह संबंधी अनुबंध का दावा


महिला अधिवक्ता के पूर्व में दिए गए बयानों के मुताबिक, नोटरी अधिवक्ता शकुंतला अहिरवार के माध्यम से स्टांप पर दोनों के साथ रहने और भविष्य में विवाह को लेकर दस्तावेज तैयार किए गए थे। महिला का दावा है कि एक दस्तावेज में धर्म परिवर्तन कर कुरान पढ़ने और मुस्लिम समाज में रहकर जीवनभर साथ निभाने की बात लिखी गई थी, जबकि ₹100 के स्टांप पर विवाह पंजीयन संबंधी दस्तावेज तैयार किए जाने की बात भी सामने आई थी।


महिला अधिवक्ता का आरोप है कि इम्तियाज सिद्दीकी ने अपनी पत्नी को तलाक देकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करने का भरोसा दिया था। हालांकि, महिला के अनुसार यह बात लंबे समय तक दोनों के बीच ही रही और इम्तियाज की पत्नी को इसकी जानकारी नहीं थी।


इम्तियाज की पत्नी को जानकारी मिलने के बाद बढ़ा विवाद


मामले में इम्तियाज सिद्दीकी की पत्नी की ओर से भी पूर्व में पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिए जाने की बात सामने आई थी। पत्नी के कथित बयान के अनुसार, वह कई दिनों से अपने पति को मोबाइल फोन पर व्यस्त देख रही थीं और जूनियर महिला अधिवक्ता द्वारा देर रात फोन एवं मैसेज किए जाने की बात भी सामने आई। पत्नी का कहना था कि उन्होंने अपने पति से संबंधित जूनियर अधिवक्ता को अलग बैठाने की बात कही थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच चल रहे विवाद की जानकारी सामने आई।


महिला अधिवक्ता ने लगाए गंभीर आरोप


जूनियर महिला अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि उन्हें शादी का झांसा दिया गया और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया। महिला का यह भी आरोप है कि उसके अश्लील फोटो और वीडियो बनाए गए तथा विरोध करने या मामले की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को देने पर उन्हें वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी दी गई।


महिला ने इम्तियाज सिद्दीकी और उनकी पत्नी से अपनी जान को खतरा होने का आरोप भी लगाया है। उनका दावा है कि विवाद के चलते उनके परिवार से भी संबंध खराब हुए और उन्हें परिवार से अलग होना पड़ा। महिला ने अपने बयानों में मानसिक रूप से परेशान होने की बात कहते हुए आत्महत्या जैसे कदम उठाने की स्थिति तक पहुंचने का आरोप लगाया है।


इम्तियाज सिद्दीकी ने आरोपों को लेकर कही अलग बात


वहीं, इम्तियाज सिद्दीकी की ओर से पूर्व में इन आरोपों को लेकर अलग पक्ष सामने आया था। उनका कहना था कि वह करीब दो वर्षों से मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जा रहे हैं और उन पर 5 लाख की मांग को लेकर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने महिला के आरोपों से अलग अपनी ओर से भी पुलिस के समक्ष शिकायत और आरोप लगाए थे।


पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई


दोनों पक्षों की ओर से पूर्व में पुलिस अधीक्षक के समक्ष आवेदन दिए जाने की बात सामने आई है। अब जूनियर महिला अधिवक्ता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने दुष्कर्म एवं एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी। पुलिस द्वारा प्रकरण में साक्ष्यों, स्टांप पर तैयार दस्तावेजों, दोनों पक्षों के बयानों तथा अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी। आरोपी पक्ष को दोषी साबित होने तक कानूनी रूप से आरोपी ही माना जाएगा।