इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर एयरपोर्ट पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने एंटी-हाइजैकिंग मॉक एक्सरसाइज और मोबिलाइजेशन ड्रिल का आयोजन किया। इस दौरान विमानन सुरक्षा से जुड़े आपातकालीन हालात से निपटने की तैयारियों को परखा गया।किसी भी आपात स्थिति (खासकर हाइजैकिंग जैसे मामलों) में तैयारियों को परखने के लिए इंदौर एयरपोर्ट पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने वार्षिक एंटी-हाइजैकिंग मॉक एक्सरसाइज और मोबिलाइजेशन ड्रिल का आयोजन किया।
इस अभ्यास का उद्देश्य सुरक्षा एजेंसियों की परिचालन तैयारियों, आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का आकलन करना था।
मॉक ड्रिल के दौरान विमान अपहरण (हाइजैकिंग) की एक काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें एक विमान के कब्जे में लिए जाने की स्थिति का अनुकरण किया गया। इसके माध्यम से सुरक्षा बलों की प्रतिक्रिया प्रणाली और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय तंत्र की प्रभावशीलता को परखा गया।
इस संयुक्त अभ्यास में कुल 242 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें सीआईएसएफ, स्थानीय पुलिस, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी), नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस), इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), एयरपोर्ट ऑपरेटर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी), फायर सर्विसेज और विभिन्न एयरलाइंस के प्रतिनिधि शामिल रहे।
अभ्यास के दौरान सभी एजेंसियों ने समन्वित तरीके से कार्रवाई करते हुए आपात स्थिति से निपटने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
सीआईएसएफ के अनुसार, इस तरह की संयुक्त मॉक एक्सरसाइज विभिन्न हितधारकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के साथ-साथ विमानन सुरक्षा से जुड़ी बदलती चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने की तैयारियों को और मजबूत बनाती हैं।
बता दें कि सीआईएसएफ देश के तमाम संस्थानों की सुरक्षा करती है। 17 जून को दिल्ली स्थित सफदरजंग एयरपोर्ट की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सीआईएसएफ ने औपचारिक रूप से संभाल ली। सफदरजंग एयरपोर्ट सीआईएसएफ सुरक्षा कवरेज के तहत आने वाला देश का 73वां हवाई अड्डा बन गया है।
यह जिम्मेदारी आंतरिक सुरक्षा ड्यूटी पैटर्न (आईएसडीपी) के तहत सीआईएसएफ को सौंपी गई। इस पर सीआईएसएफ ने कहा कि वह देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और विमानन क्षेत्र की सुरक्षा के लिए उच्चतम सुरक्षा मानकों, सतर्कता, पेशेवर दक्षता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करता रहेगा।

