मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गरोठ क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है जिसमें तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना विकराल था कि कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो युवक गुड़गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और एक राजस्थान का रहने वाला है। घायल युवक भी गुड़गांव का ही है।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव के कार्य शुरू कराए। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए गरोठ शासकीय अस्पताल पहुंचाए गए जबकि गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार में सवार ये युवक राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।




