भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में धनतेरस का पावन पर्व विधि-विधान और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने संयुक्त रूप से मां लक्ष्मी, भगवान धन्वंतरि और धन के देवता कुबेर का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन किया। पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने समस्त प्रदेशवासियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को धनतेरस तथा प्रकाश पर्व दीपावली की हार्दिक बधाई और अग्रिम शुभकामनाएं दीं।


पूजन उपरांत मीडिया से मुखातिब होते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेशवासियों और समर्पित कार्यकर्ताओं को धनतेरस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर की गरिमामयी उपस्थिति में पार्टी कार्यालय में मां लक्ष्मी और कुबेर देव की विधिवत आराधना की गई है। प्रदेश अध्यक्ष ने मंगलकामना करते हुए कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि प्रदेश का प्रत्येक परिवार सुखी, समृद्ध और आरोग्य से परिपूर्ण रहे। साथ ही उन्होंने आने वाले दीपावली महापर्व की सभी को अग्रिम बधाइयां दीं।



निरोगी काया ही सबसे बड़ा धन, प्रकृति से जुड़ना ही सच्ची संपन्नता: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धनतेरस के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि धनतेरस का यह पावन दिवस आरोग्य के प्रणेता भगवान धन्वंतरि की जयंती के रूप में प्रारंभ होता है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में सबसे बड़ा धन 'निरोगी काया' को माना गया है और वास्तविक धन का अर्थ प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर आगे बढ़ना है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि प्रदेश के सभी नागरिक हर प्रकार के साधनों और संसाधनों के साथ आत्मनिर्भर और संपन्न जीवन व्यतीत करें। इसके साथ ही उन्होंने मुरैना में पार्टी के नए कार्यालय के लोकार्पण का उल्लेख करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।


सरकारी भूमि पर बने मकानों की रजिस्ट्री गरीबों को सबसे बड़ी सौगात: सीएम

जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आशीर्वाद से प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय भूमि पर वर्षों से बने मकानों को मालिकाना हक देते हुए उनकी विधिवत रजिस्ट्री की जा रही है। मध्य प्रदेश इस महत्वाकांक्षी अभियान में पूरे देश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्री, सांसद और विधायक स्वयं गांवों में पहुंचकर पात्र ग्रामीणों को दस्तावेजों का वितरण करेंगे।

उन्होंने जोर देकर कहा कि रजिस्ट्री होने से ग्रामीणों के मकान और दुकान की वास्तविक बाजार कीमत तय होगी और वे वैधानिक दस्तावेजों के आधार पर अपनी संपत्ति को अपने बेटा-बेटी को उत्तराधिकार के रूप में सौंप सकेंगे। उन्होंने कहा कि धनतेरस के दिन किसी गरीब के लिए अपने आशियाने की रजिस्ट्री मिलना सबसे बड़ा उपहार है। वहीं, सफाई कर्मचारियों की चल रही हड़ताल को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शासन स्तर पर सभी की चिंताओं और मांगों का ध्यान रखा जा रहा है तथा उनकी समस्याओं का यथोचित समाधान निकाला जाएगा।