मुरैना, देवेन्द्र राजपूत। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक दिवसीय प्रवास पर मुरैना पहुंचे हैं। मुरैना आगमन पर मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्मित जिला कार्यालय का विधिवत पूजा-अर्चना और फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और कैबिनेट मंत्री एदल सिंह कंसाना सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


कार्यालय के औपचारिक उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंचासीन अतिथियों ने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों व प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने पार्टी के नवीन परिसर का अवलोकन किया और संगठन के कामकाज व व्यवस्थाओं की जानकारी ली। नए भवन के लोकार्पण को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।



पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद, थोड़ी देर में होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद कर रहे हैं। संवाद के दौरान संगठन के विस्तार, जनहितैषी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों को लेकर मार्गदर्शन दिया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में चंबल अंचल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कार्यकर्ताओं से संवाद समाप्त होने के कुछ ही देर बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मीडिया को संबोधित करते हुए एक पत्रकार वार्ता (प्रेस कॉन्फ्रेंस) भी करेंगे।