बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के खकनार थाना क्षेत्र अंतर्गत मांजरोद गांव के समीप गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में नेपानगर नगर पालिका के दो अस्थायी कर्मचारियों और एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।
खकनार से लौटते समय मांजरोद के पास हुआ हादसा
खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव के अनुसार, हादसा गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे मांजरोद गांव के पास घटित हुआ। तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही कार (MP 68 ZB 4581) ने सामने से आ रही बाइक (MP 68 ZD 0350) को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
मां-बेटे समेत 3 लोगों ने तोड़ा दम
हादसे में बाइक सवार मिलीन गाढ़े (25 वर्ष), उनकी मां बिजला बाई (60 वर्ष), निवासी वार्ड 24, नेपानगर तथा भीम कहार, निवासी संजय नगर, नेपानगर की जान चली गई। गंभीर रूप से घायलों को खकनार सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मिलीन और उनकी मां बिजला बाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं भीम को बुरहानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान देर शाम उनकी भी मौत हो गई। मृतक मिलीन और भीम नेपानगर नगर पालिका में झाड़ी कटाई का कार्य करने वाले अस्थायी कर्मचारी थे। तीनों किसी काम से खकनार गए थे और वहां से लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज, आरोपी फरार
सिंधखेड़ा के गोपालपुरा फाल्या निवासी शंकर ठाकरे की शिकायत पर खकनार थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।














