उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर स्थित सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र के बहादुरगंज इलाके में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात बदमाशों के दुस्साहस का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक सिरफिरे पड़ोसी ने अपने 6 नकाबपोश साथियों के साथ मिलकर एक परिवार के मकान पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी कार के कांच भी फोड़ दिए।


छत पर चढ़ने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पीड़ित कुसुम राठौर के अनुसार, विवाद की शुरुआत रक्षाबंधन से तीन दिन पहले हुई थी। उस समय पड़ोस में रहने वाला कृष्णा भारती जबरन उनके घर की छत पर चढ़ गया था, जिस पर परिजनों ने आपत्ति जताई थी। तब भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। परिजनों का आरोप है कि आरोपी कृष्णा भारती हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया है और लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी ने पीड़ित के बेटे को फोन पर अपशब्द कहे, बंदूक से जान से मारने और 1 साल के बच्चे को उठाकर ले जाने की धमकी भी दी थी।


समझाइश के तुरंत बाद हथियारों से लैस होकर पहुंचे बदमाश

घटना की रात दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनने पर पुलिस ने समझाइश देकर टीआई से मिलने को कहा था। जैसे ही पीड़ित परिवार घर लौटकर मुख्य दरवाजा बंद कर रहा था, तभी कृष्णा भारती अपने 6 नकाबपोश साथियों के साथ वहां आ धड़का। सभी आरोपियों के हाथों में चाकू और धारदार हथियार थे। बदमाशों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ मचाई और दरवाजे के बाहर खड़ी परिवार की कार के कांच चकनाचूर कर दिए।


पुलिस जांच में जुटी; खंगाले जा रहे हैं CCTV फुटेज

घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने सेंट्रल कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास की गलियों और मकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।