Saturday, February 14, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशसतनानेशनल हाईवे 30 पर अमरपाटन में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर में पीछे से टकराई बोलेरो, 7 श्रद्धालु घायल, 2 गंभीर

नेशनल हाईवे 30 पर अमरपाटन में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर में पीछे से टकराई बोलेरो, 7 श्रद्धालु घायल, 2 गंभीर

Post Media
News Logo
Peptech Time
13 फ़रवरी 2026, 09:39 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

अमरपाटन,नरेन्द्र पटेल। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 30 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। रीवा से मां शारदा माता मंदिर मैहर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो तेज रफ्तार ट्रेलर के पीछे जा घुसी, जिससे बोलेरो ट्रेलर के ऊपर चढ़ गई और 50 मीटर से अधिक दूरी तक घसीटती हुई चली गई।


हादसे में बोलेरो में सवार 7 लोगों में से चालक समेत 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम ककरा मोड़ के पास हुई। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और हाईवे एम्बुलेंस 1033 मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अमरपाटन के सिविल अस्पताल पहुंचाया।


डॉक्टरों ने दोनों गंभीर घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया है। बाकी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।


पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे पीछे से आ रही बोलेरो नियंत्रण खो बैठी और ट्रेलर के पीछे जा टकराई। सभी श्रद्धालु रीवा से मैहर मां शारदा देवी के दर्शन करने जा रहे थे। हादसे के बाद ट्रेलर के ऊपर चढ़ी बोलेरो काफी दूर तक घसीटी गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। तेज रफ्तार और ब्रेक लगाने के बीच दूरी का सही अनुमान न लग पाना प्रमुख कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताई है और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की मांग की है।


Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)