पन्ना, अमित राठौर। मध्यप्रदेश के पन्ना जिला अस्पताल के सामने उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई और दोनों एक-दूसरे पर थप्पड़ों व चप्पलों की बरसात करने लगे।


घटना के दौरान अस्पताल परिसर और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन अधिकांश लोग तमाशबीन बने रहे। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


वायरल वीडियो में पति-पत्नी एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए नजर आ रहे हैं। दोनों के बीच काफी देर तक विवाद चलता रहा, जिससे अस्पताल के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और अस्पताल आने-जाने वाले लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा।


घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। हालांकि अभी तक विवाद के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।


सड़क पर हुए इस हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।