छत्तीसगढ़ से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव एक सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं। देर रात हुए इस हादसे में उनके पैर में चोट आई है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की जांच के बाद उनके पैर में कच्चा प्लास्टर लगाया गया है। चोट के कारण उनके आज के सभी निर्धारित राजनीतिक और सार्वजनिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।


स्कूटी से दुर्गा पंडाल दर्शन के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री अरुण साव बीती रात लोरमी क्षेत्र में स्कूटी पर सवार होकर दुर्गा पंडालों के दर्शन करने के लिए निकले थे। रास्ते में अचानक उनकी स्कूटी अनियंत्रित हो गई, जिससे वे नीचे गिर पड़े और उनके पैर में चोट लग गई। रात में प्रारंभिक स्थिति सामान्य रहने के बाद जब शनिवार सुबह उन्हें पैर में ज्यादा समस्या महसूस हुई, तो वे इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स (SIMS) अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में आर्थोपेडिक डॉक्टरों की टीम ने उनके पैर की जांच की। एक्स-रे और अन्य जांच के बाद पैर में चोट को देखते हुए डॉक्टरों ने कच्चा प्लास्टर (Slab) बांधा है और उन्हें फिलहाल आराम करने की सलाह दी है।


सभी कार्यक्रम रद्द, समर्थकों में चिंता

इस अप्रिय घटना के बाद उपमुख्यमंत्री के कार्यालय ने उनके आज के सभी पूर्व-निर्धारित दौरों और कार्यक्रमों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में चिंता की लहर दौड़ गई है, और सभी उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।