वेनिस। दद्दा जी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर के संयोजन में नवदुर्गा पर्व के पावन अवसर पर इटली के विभिन्न शहरों में भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं से ओत-प्रोत भव्य गरबा एवं डांडिया महोत्सव का आयोजन उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। यह सांस्कृतिक कार्यक्रम कुरकुमा रेस्टोरेंट (पोर्टोग्रुआरो), महाराजा दी खजुराहो रेस्टोरेंट (सान डोना दी पियावे, वेनिस), कृष्णा रेस्टोरेंट (त्रिएस्ते), रंगोली रेस्टोरेंट (मिलानो) तथा भक्ति योगा सेंटर (पोर्टोग्रुआरो स्थित श्री कृष्ण मंदिर) में संपन्न हुआ।
समारोह में पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने मनमोहक गरबा एवं डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही पंजाबी समुदाय द्वारा प्रस्तुत ऊर्जावान भांगड़ा नृत्य ने आयोजन में विशेष उत्साह भर दिया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय इटालियन नागरिकों और भारतवंशियों ने हिस्सा लेकर सांस्कृतिक एकता एवं सौहार्द का सुंदर संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान दद्दा जी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर के प्रमुख पंडित सुधीर शर्मा ने श्रद्धालुओं को नवदुर्गा पर्व के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया और देवी आराधना तथा नवरात्रि की परंपराओं पर प्रकाश डाला। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुंबई के प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य डॉ. प्रकाश टाटा तथा इटली के प्रतिष्ठित डॉ. नूनजो उपस्थित रहे।
इसके अलावा अरिकेश जोशी, आशिफ खान, आल्मा खान, खजुराहो स्काला के फरहान खान, योगी जान लुका, योगिनी बारबरा, देबोरा कालरा सहित आचार्य विद्यासागर जी महाराज के शिष्य मंडल, ब्रह्मकुमारी परिवार, हरे राम हरे कृष्ण शिष्य मंडल तथा ओशो प्रेमियों की भी विशेष मौजूदगी रही। कार्यक्रम का समापन भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और विश्व बंधुत्व के संकल्प के साथ हुआ। स्थानीय भारतीय समुदाय एवं इटालियन नागरिकों ने इस भव्य आयोजन की मुक्त कंठ से सराहना की।


















