नौगांव, कमल यादव। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह राजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में सामूहिक योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम किए और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक कामाख्या प्रताप सिंह रहे। उनके साथ एसडीएम गोपाल शरण पटेल, नगर पालिका सीएमओ आर.एस. अवस्थी, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, तहसीलदार रमेश कोल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया। इस अवसर पर अतिथियों ने नागरिकों को विश्व योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। विधायक कामाख्या प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि योग स्वस्थ एवं निरोग जीवन का आधार है और प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
उन्होंने स्टेडियम के विकास की घोषणा करते हुए बताया कि भविष्य में राजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम का विस्तार किया जाएगा तथा महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग योगशाला भवनों का निर्माण कराया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित नागरिकों ने योग को अपनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया।




