इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के मनोरमगंज थाना क्षेत्र स्थित डाक कुंज कॉलोनी में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। एमजी रोड डाकघर में डाक सहायक के पद पर कार्यरत उर्मिला सैनी की उनके पति अखिलेश सैनी ने कथित रूप से धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब उनकी बेटी स्कूल से घर लौटी और मां को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उर्मिला सैनी अपने परिवार के साथ डाक कुंज कॉलोनी में रहती थीं। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी अखिलेश सैनी अपनी बेटी के स्कूल पहुंचा और उसे एटीएम कार्ड, उसका पिन तथा कुछ नकदी देकर वहां से फरार हो गया। स्कूल से घर पहुंचने पर बेटी ने मां को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद उसने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही संयोगितागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।


फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पारिवारिक विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की संभावना है।