भिंड, अक्षय जोशी । देहात थाना क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुरा में रिटायर्ड फौजी की पत्नी की हत्या और लाखों रुपये के जेवरात की चोरी के चर्चित मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेसवार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दौरान सीएसपी निरंजन राजपूत एवं अटेर एसडीओपी रविन्द्र वास्कले भी मौजूद रहे।


जानकारी के अनुसार 15 अप्रैल 2025 की रात रिटायर्ड फौजी हरीदास शर्मा की पत्नी सुशीला देवी घर की छत पर सो रही थीं। देर रात अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और उनकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने कमरे का ताला तोड़कर घर में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह करीब 4:30 बजे हरीदास शर्मा जब छत पर पहुंचे तो उनकी पत्नी मृत अवस्था में मिलीं। वहीं कमरे का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।


घटना के बाद पुलिस ने हत्या और चोरी का मामला दर्ज कर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 150 लोगों से पूछताछ की और 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। भिंड देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुरैना जिले का निवासी है और उसके खिलाफ पहले से 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी भिंड में अपनी महिला मित्र के यहां रुककर इलाके की रेकी करता था और फिर वारदात को अंजाम देता था। उसके कब्जे से चोरी गए सोने के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। मामले में छह अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।


मामले के खुलासे के बाद सैनिक संगठन के पदाधिकारियों ने भिंड पुलिस का माला पहनाकर सम्मान किया। वहीं पीड़ित हरीदास शर्मा ने पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए भावुक होकर कहा कि 15 महीने बाद उन्हें न्याय की उम्मीद जगी है और आज वह चैन से भोजन कर सकेंगे। उन्होंने देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत सहित पूरी पुलिस टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया।