छतरपुर, शिवम सोनी। शहर के व्यस्ततम डाकखाना चौराहे पर ई-रिक्शा चालकों द्वारा की जा रही गंभीर लापरवाही लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है। यहां कुछ चालक विद्युत डीपी से सीधे तार जोड़कर अपने ई-रिक्शा चार्ज करते देखे गए हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।


सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक ई-रिक्शा चालक विद्युत डीपी से सीधे कनेक्शन लेकर वाहन चार्ज करता दिखाई दे रहा है। यह कार्य न केवल विद्युत सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है, बल्कि चालक और आसपास मौजूद लोगों की जान को भी जोखिम में डाल रहा है।


स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की खतरनाक गतिविधियां लगातार हो रही हैं, लेकिन संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।


नागरिकों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि ऐसे मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।