सागर, जीशान खान। मकरोनिया थाना क्षेत्र के रामलला वार्ड स्थित गायत्री नगर में मंगलवार सुबह पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी रामनरेश दीक्षित पर अपनी बहू सविता दीक्षित की धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सविता दीक्षित ने अपनी मासूम बेटी की कथित तौर पर पिटाई कर दी थी। नातिन के साथ मारपीट होते देख रामनरेश दीक्षित ने इसका विरोध करते हुए बहू को समझाया और डांटा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोपी का कहना है कि विवाद के दौरान बहू ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और हमला किया, जिसके बाद गुस्से में उसने धारदार हथियार से बहू पर वार कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल सविता दीक्षित की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान रामनरेश दीक्षित के हाथों में भी गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि परिवार में रामनरेश की पत्नी, बहू और नातिन रहती थीं, जबकि उनका बेटा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में पदस्थ है और फिलहाल ड्यूटी पर है।
घटना की सूचना मिलते ही मकरोनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी नितिन पाल के अनुसार प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हमला किए जाने से महिला की मौत होना सामने आया है। प्रथम दृष्टया घटना के पीछे पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।




