सतना, अंबिका केशरी। जिले के जसो थाना क्षेत्र के अमकुई गांव में मंगलवार सुबह तीन दिन से लापता युवक का शव गांव के स्कूल के पीछे झाड़ियों के पास बोरी में लिपटा मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अतुल कुशवाहा पिता रामकेश कुशवाहा निवासी अमकुई के रूप में हुई है। शव सड़ी-गली अवस्था में मिलने के बाद परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।


परिजनों के मुताबिक अतुल 1 अगस्त की रात करीब 9:25 बजे से लापता था और इसके बाद से उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। युवक की गुमशुदगी की सूचना भी पुलिस को दी गई थी।


मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने स्कूल के पीछे झाड़ियों के पास बोरी में लिपटा शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले में पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।


घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने डायल-112 पुलिस टीम के वाहन का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस पर पथराव किए जाने की भी सूचना है। तनाव को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। नागौद एसडीओपी रघु केसरी ने घटनास्थल पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश देते हुए स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। वहीं ग्रामीणों और परिजनों ने मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।