दमोह। जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम आंजनी बेलखेड़ी में चाय पीने के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में तीनों को उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। डॉक्टरों द्वारा प्रारंभिक तौर पर मामले को फूड प्वाइजनिंग से जोड़कर देखा जा रहा है।


जानकारी के अनुसार पुस्सु पटेल, उनकी बेटी शिवानी पटेल और बेटा महेंद्र पटेल ने गुरुवार रात घर में बनी चाय पी थी। चाय पीने के कुछ ही देर बाद तीनों को तेज उल्टियां शुरू हो गईं और उनकी हालत लगातार बिगड़ने लगी। परिजनों ने बताया कि पुस्सु पटेल जंगल से लौटने के बाद चाय पीने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद उनकी बेटी ने चाय बनाई थी।


हालत बिगड़ने पर पुस्सु पटेल ने अपने रिश्तेदार मंगल पटेल को फोन कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही मंगल पटेल मौके पर पहुंचे और तीनों को बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया।


जिला अस्पताल में जांच के दौरान पुस्सु पटेल की हालत अधिक गंभीर पाई गई, जिसके बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। परिजन जांच के लिए चाय पत्ती का पैकेट भी अपने साथ अस्पताल लेकर पहुंचे हैं, ताकि बीमारी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।


ड्यूटी डॉक्टर के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत होता है। पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।