सागर, जीशान खान। शहर के सांदीपनि विद्यालय क्रमांक-1 में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्यालय की क्लर्क गंधाली कदम को 2500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। क्लर्क पर विद्यालय में पदस्थ शिक्षक से एरियर्स की राशि जारी कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था।


जानकारी के अनुसार, विद्यालय में पदस्थ शिक्षक गेंदालाल अहिरवार का लगभग 60 हजार रुपए का एरियर्स निकलना था। आरोप है कि एरियर्स की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए क्लर्क गंधाली कदम ने शिक्षक से 3 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान शिक्षक ने मामले की शिकायत लोकायुक्त पुलिस से की।


शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले की जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। बातचीत के दौरान रिश्वत की राशि 3 हजार रुपए से घटाकर 2500 रुपए तय की गई।


तय योजना के अनुसार शिक्षक विद्यालय पहुंचे और क्लर्क को 2500 रुपए दिए। जैसे ही क्लर्क ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।


लोकायुक्त निरीक्षक रंजीत सिंह ने बताया कि शिकायत की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई। आरोपी क्लर्क के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई के बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।