छतरपुर, संदीप यादव। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेडियम की दुकानों में संचालित एक कैफे में उधारी के पुराने पैसे मांगने को लेकर कैफे संचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीडि़त कैफे संचालक ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में की है।


कैफे संचालक अंकुर गुप्ता ने बताया कि स्टेडियम की दुकानों में उनका कैफे संचालित है। उनके अनुसार सचिन राजा परमार, अजय परिहार, बिट्टू नामक युवक और एक अन्य अज्ञात युवक कैफे पर आए थे। अंकुर का आरोप है कि इन लोगों पर चाय-गुटखा के पुराने पैसे बकाया थे। जब उन्होंने बकाया राशि मांगी तो विवाद शुरू हो गया और आरोपियों ने उनके साथ छीना-झपटी करते हुए मारपीट की।


अंकुर गुप्ता का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों के साथ कुछ अन्य युवक भी दुकान पर पहुंच गए और डंडे से उनके साथ मारपीट की। घटना के दौरान दुकान में लगे कैमरे में मारपीट का घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


पीडि़त ने बताया कि घटना के बाद उसने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। वहां से उसे सिविल लाइन थाने जाकर शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा गया। इसके बाद उसने सिविल लाइन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है। पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।