छतरपुर, संजय अवस्थी/शिवम सोनी। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की मुहिम में नगर पालिका प्रशासन ने शनिवार को महोबा रोड बस स्टैंड पर सख्त कार्रवाई की। जेसीबी मशीन की मदद से सड़क किनारे बनी अवैध दुकानों और अतिक्रमण को तोड़ दिया गया। दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त कर ट्रैक्टर में भरकर हटाया गया, जिससे पूरा इलाका सुबह से शाम तक हलचल में रहा।


नगर पालिका की टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क के किनारे किए गए सभी अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।


ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान


नगर पालिका के सहायक यंत्री देवेंद्र धाकड़ ने बताया कि अतिक्रमण के कारण बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा था और रोजाना जाम की स्थिति बन रही थी। उन्होंने कहा, “इस समस्या को दूर करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। बस स्टैंड में सराय के बाहर बैठे 23 लोगों को पीछे शिफ्ट करने की प्रक्रिया भी चल रही है, ताकि आवागमन सुचारू हो सके।”


धाकड़ ने आगे बताया कि इस क्षेत्र में सड़क और नाली निर्माण का कार्य भी प्रस्तावित है। इसके लिए जरूरी जगह खाली कराई जा रही है।


शहर को स्वच्छ-सुंदर बनाने का संकल्प


नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई से आम नागरिकों में राहत की लहर है, वहीं प्रभावित दुकानदारों में मायूसी छाई हुई है। शहरवासी अब उम्मीद कर रहे हैं कि बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात की समस्या जल्द ही हल हो जाएगी।