टीकमगढ़,मोहसिन अहमद। जिले के मजना चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रायपुर से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां दबंगों ने एक परिवार के घर में घुसकर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि रैकवार समाज का एक परिवार अपनी बेटी की विदाई कर वापस लौट रहा था, तभी गांव के ही दो नशेड़ी युवकों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया और विवाद शुरू कर दिया।
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पहले रास्ते में ही मारपीट की और इसके बाद पीड़ित परिवार के घर में घुसकर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से किए गए इस हमले में परिवार की महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए, जिनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के कई घंटे बाद तक पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे उन्हें न्याय मिलने में देरी हुई। जैसे ही मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। इससे पहले भी मजना चौकी क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर कई बार सवाल खड़े हो चुके हैं।
हालांकि, मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने हरकत में आते हुए दोनों पक्षों की ओर से केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घर में घुसकर मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

