नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के मटकुली-पिपरिया मार्ग पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बोलेरो वाहन तीन बार पलट गया, जिससे पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक ही परिवार के पति-पत्नी और उनका आठ वर्षीय पुत्र भी शामिल हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार बोलेरो तामिया से होशंगाबाद की ओर जा रही थी। मटकुली के पास सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज गति के कारण बोलेरो सड़क किनारे अनियंत्रित होकर तीन बार पलट गई, जिससे वाहन में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में नर्मदापुरम के बंजारा ड्रीम निवासी प्रदीप धुर्वे (48), उनकी पत्नी ज्योति धुर्वे, पुत्र अक्षत धुर्वे (8), समनापुर निवासी पंचम ठाकुर (55) तथा झिरपा करेर निवासी कुलदीप ठाकुर (40) की मौत हो गई। वहीं समनापुर निवासी आकाश धुर्वे (25) और शरद उइके (21) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घायल शरद उइके ने बताया कि मृतक प्रदीप धुर्वे उनके जीजा थे। वे अपनी पत्नी ज्योति और पुत्र अक्षत के साथ दोस्त की बोलेरो लेकर तामिया गए थे। लौटते समय मटकुली के पास हादसा हो गया। प्रदीप धुर्वे सेमरी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। पिपरिया थाना प्रभारी मदनलाल पवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे में शिक्षक प्रदीप धुर्वे, उनकी पत्नी ज्योति धुर्वे और आठ वर्षीय पुत्र अक्षत की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनाग्रस्त मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।

