इंदौर। शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार देर रात एमआर-4 रोड पर कुछ आरोपियों ने युवक को घेरकर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विशाल उर्फ नानू वर्मा (26) पिता मुकेश वर्मा निवासी रफेली, भागीरथपुरा के रूप में हुई है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
एसीपी रुबिना मिजवानी ने बताया कि घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती विशाल ने उपचार के दौरान हमलावरों के नाम और उनकी पहचान संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को दी थी। इसी आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच लंबे समय से विवाद और पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी विवाद के चलते पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल कुछ आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही आरोपियों के परिजनों से पूछताछ कर उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।

