पलेरा, सोनू विश्वकर्मा। ग्राम पंचायत लारौन अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध पहाड़िया धाम मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से भगवान श्रीराम-जानकी एवं श्रीराधा-कृष्ण की मूर्तियों सहित मंदिर की अन्य सामग्री चोरी कर ले गए।


घटना की जानकारी सुबह मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को लगी, जिसके बाद क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बताया कि पहाड़िया धाम मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और मूर्तियों की चोरी से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।


घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा चोरी गई मूर्तियों और सामग्री की बरामदगी की मांग की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही चोरों का पता लगाकर मंदिर की अमूल्य धरोहर वापस बरामद की जाएगी।