छतरपुर, संतोष शिवहरे। जिले के बड़ा मलहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजपुरा निवासी एक कारीगर को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खिलाकर नकदी, मोबाइल और गाड़ी की चाबी लूटने का मामला सामने आया है। पीडि़त राजाराम यादव पिता शंकरलाल यादव ने अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पीडि़त के मुताबिक वह छतरपुर में कारीगरी और मजदूरी का काम करता है। उसने शिकायत में आरोप लगाया कि 2 जुलाई 2026 को बसारी निवासी राकेश यादव ने उसे जान से मारने की नीयत से कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया। जहरीले पदार्थ के असर से वह बेहोश हो गया, जिसके बाद आरोपी कथित रूप से उसके पास रखे 20 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और गाड़ी की चाबी लेकर चला गया।
घटना के बाद राजाराम की हालत बिगडऩे पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया। पीडि़त का कहना है कि होश में आने और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस से की।
राजाराम यादव ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही नकदी, मोबाइल और गाड़ी की चाबी वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।




