मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के सीतामऊ अंचल के ग्राम बेलारी में उस समय हड़कंप मच गया, जब नाले से निकलकर करीब 7 फीट लंबा मगरमच्छ आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया। मगरमच्छ को बस्ती के बीच देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से मगरमच्छ को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने में सफलता हासिल की। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। वन विभाग की तत्परता और समय रहते किए गए रेस्क्यू के चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।