इंदौर, रविकांत वर्मा। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत द्वारकापुरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पार्सलों के बीच छुपाकर ले जाई जा रही 12 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।


जानकारी के अनुसार थाना द्वारकापुरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक आईशर ट्रक में पार्सलों के बीच अवैध अंग्रेजी शराब छुपाकर फूटी कोठी ब्रिज की ओर से चंदन नगर क्षेत्र की तरफ ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली।


जांच के दौरान ट्रक में रखे पार्सलों के बीच से 12 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पेटियों को खोलकर देखने पर उनमें मैजिक मोमेंट और बैगपाइपर ब्रांड की शराब के क्वार्टर पाए गए। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर शराब और वाहन जब्त कर लिया।


पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम इरफान पिता निशार अहमद (33 वर्ष), निवासी ग्राम एवं तहसील मऊ, जिला प्रयागराज (इलाहाबाद) बताया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब शराब के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।