छतरपुर, शिवम सोनी। छतरपुर शहर के ओरछा रोड थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों के लापता होने के बाद न्याय के लिए भटक रहा है। पीड़ित मोहन अहिरवार ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को आवेदन सौंपकर गुहार लगाई है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
मोहन अहिरवार के अनुसार, उनकी पत्नी सुनीता अहिरवार और दो छोटे बच्चे बीते 25 अप्रैल 2026 से अचानक लापता हो गए हैं। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं लगा, तो 28 अप्रैल को ओरछा रोड थाना में मामला दर्ज कराया गया था। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की जांच ठंडे बस्ते में है।
एसपी को दी गई शिकायत में मोहन ने गौरगाय ग्राम के एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि उक्त व्यक्ति उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। साथ ही घर में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती आभूषण भी गायब हैं।
परिजनों ने अपने स्तर पर हर संभावित स्थान पर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। ओरछा रोड पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पीड़ित ने अब एसपी से न्याय की उम्मीद जताई है। मोहन ने मांग की है कि उसकी पत्नी और बच्चों को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।



