सागर, जीशान खान। सागर जिले में मकानगणना कार्य की धीमी प्रगति को लेकर कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जनगणना का यह महाअभियान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है, जिसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना अनिवार्य है। समीक्षा बैठक के दौरान कार्य में अपेक्षित सुधार न दिखाने पर कलेक्टर ने मकरोनिया, शाहगढ़, शाहपुर और राहतगढ़ के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (CMO) सहित बांदरी तहसीलदार को 'कारण बताओ' नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी है कि जनगणना के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि जिन क्षेत्रों में प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई है, वहां के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ दो दिनों के भीतर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रगणकों और सुपरवाइजरों के प्रदर्शन की निरंतर निगरानी की जानी चाहिए।
समय-सीमा और प्रगति के लिए कड़े लक्ष्य
कार्य को व्यवस्थित रूप से पूरा करने के लिए कलेक्टर ने स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि 10 मई तक कम से कम 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो जाना चाहिए। इसके बाद 15 मई तक 75 प्रतिशत और 20 मई तक शत-प्रतिशत मकानगणना का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह और शाम प्रगणकों व सुपरवाइजरों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं ताकि जिला प्रशासन के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल किया जा सके।
फील्ड मॉनिटरिंग और अतिरिक्त तैनाती के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती पाल ने अधिकारियों को केवल कार्यालय तक सीमित न रहकर लगातार फील्ड में जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि चार्ज अधिकारी स्वयं मौका मुआयना करें और कार्य की वास्तविक प्रगति की जांच करें। जो प्रगणक कार्य में कमजोर साबित हो रहे हैं या तकनीकी दिक्कतों के कारण पिछड़ रहे हैं, उनके साथ अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाए ताकि काम की गति प्रभावित न हो। नगर निगम क्षेत्र में भी मकानगणना में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत और भोपाल से आए पवन मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



