भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा वर्ष 2028 का विधानसभा चुनाव जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़े जाने के बयान पर सियासी घमासान छिड़ गया है। भाजपा के वरिष्ठ विधायक रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह के इस बयान पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए उन्हें देश की राजनीति का सबसे बड़ा "षड्यंत्रकारी" नेता करार दिया है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (पीसीसी चीफ) जीतू पटवारी को दिग्विजय सिंह की सियासी चालों से पूरी तरह सावधान और सतर्क रहने की नसीहत दी है।
दिग्विजय सिंह के कार्यशैली पर सीधा प्रहार करते हुए भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह नेताओं को सीधे पेड़ पर नहीं, बल्कि 'चने के झाड़' पर चढ़ाते हैं। उन्होंने जीतू पटवारी को पहले भी कई बार इसी तरह झाड़ पर चढ़ाकर नीचे उतारा है और अब एक बार फिर वही दांव चलकर उन्हें झाड़ पर बैठा दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राजा साहब का काम पहले पतंग की डोरी को ढीली छोड़ना और फिर मौका मिलते ही मांझे से उसे काट देना है। कांग्रेस के युवा नेता उनकी इस पुरानी कार्यप्रणाली को समझ नहीं पा रहे हैं।
ये भी पढ़ें




दिग्विजय सिंह को षड्यंत्रों का माहिर बताते हुए रामेश्वर शर्मा ने अतीत के राजनीतिक घटनाक्रमों का भी हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि दिग्विजय सिंह ने पहले भी आदिवासी नेता कांतिलाल भूरिया को मुख्यमंत्री बनाने की बात कही थी, लेकिन रातों-रात सियासी बिसात बिछाकर खुद मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज हो गए। इतना ही नहीं, उन्होंने स्वर्गीय जमुना देवी और सुभाष यादव जैसे वरिष्ठ व जनाधार वाले नेताओं को भी कभी मुख्यधारा में आगे नहीं आने दिया और अपनी राजनीतिक चालों से उनका मार्ग अवरुद्ध कर दिया।
रामेश्वर शर्मा ने जीतू पटवारी को आगाह करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह जिस नेता की तारीफ करने लगें या जिसे आगे बढ़ाने की बात कहें, समझ लेना चाहिए कि उसके राजनीतिक अवसान की पटकथा लिखी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर चल रही यह नूराकुश्ती केवल छलावा है और जीतू पटवारी को इस षड्यंत्र से समय रहते सतर्क हो जाना चाहिए।














