नई दिल्लीभारत और श्रीलंका की सेनाएं संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति-2026’ के 12वें संस्करण में एक बार फिर साथ उतरने जा रही हैं। भारतीय सेना और श्रीलंकाई सेना के बीच होने वाले इस अभ्यास की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोनों देशों की सेनाएं इस संयुक्त सैन्य अभ्यास के जरिए आपसी सैन्य सहयोग, तालमेल और साझा प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाएंगी। ‘दो सेनाएं, साझा संकल्प और एक मिशन’ के संदेश के साथ आयोजित होने वाला मित्र शक्ति-2026 भारत और श्रीलंका के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस अभ्यास में दोनों देशों के सैनिक एक साथ प्रशिक्षण गतिविधियों में हिस्सा लेंगे और एक-दूसरे की सैन्य कार्यप्रणाली को समझेंगे। मित्र शक्ति अभ्यास का उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच आपसी तालमेल और संयुक्त रूप से काम करने की क्षमता को मजबूत करना है।
ऐसे अभ्यासों से सैनिकों को एक-दूसरे के अनुभवों और कार्यप्रणालियों से सीखने का अवसर मिलता है। साथ ही, संयुक्त अभियानों के दौरान बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी मदद मिलती है। भारतीय सेना के मुताबिक मित्र शक्ति-2026 का 12वां संस्करण जल्द आयोजित होने जा रहा है। गौरतलब है कि भारत और श्रीलंका ने समुद्र में आने वाली चुनौतियों से निपटने और समुद्री क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए सहयोग को और मजबूत कर रहे हैं।
इसके लिए बीते दिनों दोनों देशों के तटरक्षक बलों की उच्चस्तरीय बैठक श्रीलंका में हुई थी। इस बैठक में भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि भी मौजूद थे। वहीं, श्रीलंकाई दल की अगुवाई वहां के तटरक्षक बल के महानिदेशक रियर एडमिरल रुवान रूपसेना ने की। यहां समुद्री प्रदूषण से निपटने, समुद्र में संकट में फंसे लोगों को बचाने और समुद्री कानूनों को लागू कराने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
दोनों पक्षों ने समुद्र में तेल या अन्य प्रदूषण फैलने जैसी घटनाओं से निपटने, खोज एवं बचाव अभियानों में तालमेल बढ़ाने और समुद्री क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मिलकर काम करने पर फोकस रहा। इसके साथ ही दोनों तटरक्षक बलों की क्षमताएं बढ़ाने और तकनीकी सहायता के जरिए आपसी सहयोग को और प्रभावी बनाने के रास्तों पर भी विचार किया गया।















