छतरपुर, संतोष शिवहरे। मातगुवां थाना क्षेत्र के ग्राम जटयारी में 19 वर्षीय युवक रोहित यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के नौ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज न किए जाने से नाराज मृतक के पिता ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
मृतक के पिता रामप्रकाश यादव ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि 2 नवंबर 2026 को संजय शुक्ला, मयंक शुक्ला, लक्ष्मण यादव, विकास शुक्ला और अखिलेश शुक्ला समेत अन्य लोग उनके घर आए थे। आरोप है कि ये लोग उनके बेटे रोहित यादव को बालू डालने के बहाने अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गए थे। इसके अगले दिन सुबह माधापुरवा रेलवे ट्रैक पर रोहित का शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ था।
पीड़ित पिता का कहना है कि घटना स्थल के पास उनके बेटे की टूटी हुई टॉर्च भी मिली थी, जो इस बात का संकेत है कि वहां संघर्ष हुआ था। परिजनों का सीधा आरोप है कि नामजद लोगों ने पुरानी रंजिश या अन्य कारणों से उनके बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसकी हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर लाकर फेंक दिया, ताकि इस पूरे मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
रामप्रकाश यादव ने मातगुवां थाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि घटना की तत्काल सूचना पुलिस को दिए जाने के बावजूद, नौ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की और न ही एफआईआर दर्ज की है। परिजनों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस आरोपियों के प्रभाव में आकर मामले को दबाने का प्रयास कर रही है।
न्याय की आस लगाए बैठे पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि उनके बेटे की मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके। उन्होंने मांग की है कि रोहित की हत्या में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

















