भोपाल: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दिवाली विराम के बाद बुधवार (11 नवंबर) से अपनी 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' का दूसरा चरण शुरू कर रहे हैं। 20 अक्टूबर को उज्जैन में भगवान महाकाल के पूजन-दर्शन के साथ आरंभ हुई यह यात्रा 5 नवंबर को राघौगढ़ स्थित पाटई आश्रम में रुकी थी। 5 दिनों के त्योहार विराम के पश्चात दिग्गी राजा का यह कारवां गुना जिले के आरोन से अपने अगले पड़ाव की ओर रवाना हो रहा है। मध्य प्रदेश के 8 जिलों और 16 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए यह पदयात्रा 18 नवंबर को उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगी।

चंदेरी से राजघाट बांध होते हुए ललितपुर में प्रवेश तय कार्यक्रम के अनुसार, मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में स्थित चंदेरी के दिल्ली दरवाजा और हथकरघा ग्राम प्राणपुर से होते हुए पदयात्रा 18 नवंबर की दोपहर बेतवा नदी के राजघाट बांध चौराहा पहुंचेगी। इसी बिंदु से यात्रा मध्य प्रदेश की सीमा पार कर उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में दाखिल होगी। 18 से 22 नवंबर तक (कुल 5 दिन) यह यात्रा ललितपुर के विभिन्न गांवों और कस्बों से होकर गुजरेगी। इसके बाद 23 नवंबर को यात्रा पुनः MP के निवाड़ी जिले में प्रवेश करेगी और 25 नवंबर को ओरछा स्थित प्रसिद्ध श्री रामराजा सरकार मंदिर में इसका औपचारिक समापन होगा। समापन के अगले दिन 26 नवंबर को ओरछा में शिवार्चन के उपरांत दिग्विजय सिंह दतिया पहुंचकर मां पीतांबरा के दर्शन करेंगे।

UP चुनाव के माहौल के बीच अखिलेश यादव भी संभालेंगे कमान उत्तर प्रदेश में यात्रा का समय चुनावी हलचलों के ऐन बीच पड़ रहा है, जिससे राजनीतिक गलियारों में इस रूट को लेकर हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, यूपी में पदयात्रा के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी दिग्विजय सिंह के साथ कदम मिलाते नजर आएंगे। इस दौरान न केवल कांग्रेस कार्यकर्ता, बल्कि सपा के स्थानीय और शीर्ष नेता भी यात्रा में प्रमुखता से शामिल होंगे। हालांकि, दतिया से अयोध्या तक के आगे के प्रस्तावित रूट में अभी कुछ संशोधन किए जाने बाकी हैं।

नेताओं में मेजबानी की होड़: MP के बाद अब UP के प्वाइंट्स स्पॉन्सर करने की होड़ यात्रा में शामिल पदयात्रियों के जलपान, दोपहर के भोजन और रात्रि विश्राम का पूरा प्रबंधन कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं के जिम्मे है। मध्य प्रदेश के सभी पड़ावों के लिए स्थल और जिम्मेदार नेताओं का चयन पहले ही पूरा हो चुका है। ऐसे में जिन नेताओं को मध्य प्रदेश में मेजबानी का अवसर नहीं मिल सका, वे अब उत्तर प्रदेश के पड़ावों पर भोजन और ठहरने की व्यवस्था स्पॉन्सर करने के लिए दिग्विजय सिंह के कार्यालय में संपर्क कर रहे हैं। यूपी के स्थानीय कांग्रेस और सपा नेताओं के बीच भी इस मेजबानी को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।